गुरुत्वाकर्षण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गुरुत्वाकर्षण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 13 सितंबर 2015

पतन

पतन

सुना है गिरना बुरा है 
देखती हूँ  आसपास 
कहीं न कहीं,
कुछ न कुछ 
गिरता है हर रोज़.
कभी साख गिरना 
कभी इंसान का गिरना 
इंसानियत का गिरना
मूल्यों का गिरना   
स्तर गिरना 
कभी गिरी हुई मानसिकता
गिरी हुई प्रवृत्तियां.   
अपराध का स्तर गिरना 
नज़रों से गिरना 
और कभी 
रुपये का गिरना 
सोने का गिरना 
बाज़ार का गिरना 
सेंसेक्स गिरना 
और यहाँ तक 
कि कभी तो 
सरकार का गिरना
समझ नहीं पाती 
ये इनकी चरित्रहीनता है 
या 
गुरुत्वाकर्षण.

रविवार, 21 मार्च 2010

गुरुत्वाकर्षण

गुरुत्वाकर्षण


बचपन में पढ़े तो बहुत थे

विज्ञान के नियम.

पर उनके होने का 

पहला आभास हुआ तब,

जब पहली बार 

तुम्हे देखा भर था,

शाश्वत सा हो गया वो आकर्षण,

मुझे अहसास था.

मैं फिर भी आश्वस्त रही, 

कि किसी न किसी  दिन तो टूटेगा, 

उस न्यूटन का भरम

और मैं स्वतः ही निकल जाऊंगी.

 कभी तुम्हारे दायरे से बाहर.

पर हैरान हूँ मैं, 

उसकी दूरदर्शिता पर 

सत्यापित हो चुके हैं उसके नियम. 

आज भी यथावत है

वो चुम्बकत्व, रोमांच 

तुम, मैं   

तुम्हारी बाँहों के गुरुत्व बल के घेरे

और सम्पूर्णता.


(न्यूटन के नियम :  आम भाषा  में
कोई वस्तु चल रही है तो चलती रहेगी, जब तक कोई रोके नहीं.
हर क्रिया के बराबर और विपरीत प्रतिक्रिया होती है.
किन्ही भी दो वस्तुओं के बीच सदैव एक आकर्षण बल होता है, जो गुरूत्वाकर्षण कहलाता है)

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...