शनिवार, 6 जुलाई 2024

एक छोटी सी यात्रा अज़रबैजान की (भाग 1)

 एक छोटी सी यात्रा अज़रबैजान की


एशिया और यूरोप के चौराहे पर स्थित काकेशस पर्वत श्रंखला के पूर्वी भाग में एक गणराज्य है जो पूर्वी यूरोप और पश्चिमी एशिया के मध्य बसा हुआ है। भौगोलिक रूप से यह एशिया का ही भाग है। यह आर्मेनिया, जॉर्जिया, रूस, ईरान और तुर्की से घिरा हुआ है। इसका तटीय भाग कैस्पियन सागर से लगता है। अज़रबैजान 1918 से 1920 तक एक स्वतंत्र राष्ट्र था लेकिन फिर इसे सोवियत संघ में शामिल कर लिया गया और 1936 में यह एक गणराज्य बन गया।  अजरबेजान में 23 सितंबर 1989 को संप्रभुता की घोषणा की और 30 अगस्त 1991को एक स्वतंत्र देश बन गया। यह एक धर्मनिरपेक्ष देश है, इसकी अधिकांश जनसंख्या इस्लाम धर्म की अनुयाई है।  यह देश धीरे-धीरे सत्तावादी लोकतंत्र की ओर बढ़ रहा है। यहाँ की जनसंख्या लगभग एक करोड़ है।  यहाँ की मुद्रा को मनत कहते हैं और यह इस समय 1 मनत लगभग 50 भारतीय रुपए के बराबर है। इस छोटे से देश में अलग-अलग जलवायु क्षेत्र हैं इसलिए यहाँ का मौसम बताना मुश्किल होता है। यहाँ अगर पहाड़ हैं, तो वहीं तटीय शहर भी हैं।  सबसे अच्छी बात यह है कि आप जब भी जाना चाहें, आपको अपने पसंद के अनुसार इस देश में कहीं ना कहीं मौसम अच्छा मिल जाएगा।  आमतौर पर देखा जाए तो जून में औसत तापमान ऊंचे इलाकों में पहाड़ों की तरफ 5 डिग्री और निचले इलाकों में 27 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। यही जनवरी में ऊंचे इलाकों में माइनस 10 डिग्री और निचले लाखों में प्लस 3 डिग्री रहता है और गर्मियां जब यहाँ पड़ती है तो यहाँ की गर्मियों में सबसे गर्म दिनों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच जाता है और सर्दियों में माइनस 40 डिग्री तक। वसंत ऋतु यहाँ की यात्रा के लिए सबसे अच्छा समय होता है। मई के महीने में अगर आप अजरबेजान की यात्रा करते हैं तो आपको वसंत के आखिरी निशान और गर्मियों की पहली आहट का आनंद लेने का मौका मिलेगा। यह समय कैस्पियन तट के पास काफी शानदार लगता है। यदि आप छुट्टियां समुद्र तट पर धूप भरे दिन और पहाड़ों में पैदल यात्राएं करके मनाना चाहते हैं तो मई के मध्य से सितंबर तक का समय आपके लिए सर्वोत्तम है। इस देश की राजधानी का नाम बाकू है। जिसका अर्थ यहाँ की भाषा में हवा होता है। वाकई में बाकू शहर हवा का शहर ही है। यह घूमने के लिए एक अच्छी जगह है। बाकू की जनसंख्या 11 लाख के आसपास है। हमारे देश से अज़रबैजान जाने वाली फ्लाइट्स इंडिगो एयरलाइंस, अज़रबैजान एयरलाइंस और एयरोकैरेबियन एयरलाइंस की हैं। दिल्ली से बाकू की अज़रबैजान एयरलाइंस डायरेक्ट फ्लाइट है। इस उड़ान की अवधि 3 घंटे 59 मिनट है। हमारे देश और अज़रबैजान के समय में भी थोड़ा अंतर है। हमारे देश में समय अज़रबैजान के समय से एक घंटा तीस मिनट आगे है। यहाँ का वीसा भी ऑनलाइन तीन से चार दिन में मिल जाता है। आजकल ज्यादातर फोन में गूगल ट्रांसलेटर होता है तो हम आमतौर पर कहीं भी जाने के पहले उस देश की डिक्शनरी डाउनलोड कर लेते हैं। फिर गूगल ट्रांसलेटर बिना वाई फाई के भी काम करती है। इसकी हर जगह जरूरत पड़ती है फिर चाहें टैक्सी बुक करनी हो या खरीददारी। अपनी बात अंग्रेजी या हिंदी में कहें और उसको यह एप वहाँ की भाषा में अनुवाद कर के दिखा देता है। लीजिये हो गया काम फिर चल पड़िए मनमर्जी से, जहां भी जाना हो या जो करना हो। आप चाहें तो उस लिखे हुए को सुना भी सकते हैं आप चाहें तो उसे बोल कर टाइप कर सकते हैं, क्योंकि फिर आपको इंटरनेट की जरूरत इस काम के लिए नहीं पड़ेगी। टैक्सी ड्राइवर भी आपको सारे रास्ते अनुवाद कर-कर के समझाता और दिखाता रहेगा। यहाँ पर टैक्सी आसानी से उपलब्ध हैं। यहाँ की प्रचलित टैक्सी सेवा बोल्ट एप से बुक होती है जो उबर की ही तरह काम करती है। उसका एप डाउनलोड करना पड़ता उसे भी आप यहीं से डाउनलोड कर ले जाएँ। यहाँ टैक्सी सस्ती है कारण पेट्रोल का उत्पादन है और यही अज़रबैजान का मुख्य आय का स्रोत है। अब उन्होंने भी तेल के अलावा अन्य देश जैसे दुबई या सऊदी जैसे पर्यटन को बढ़ावा देना शुरू किया है। यहाँ पेट्रोल 2 मनत का एक गैलन है मतलब लगभग 20 रूपये लीटर है। अब बात करते हैं होटलों और रहने की व्यवस्था और सुविधा की। यहाँ पर रहने की हर सुविधा उपलब्ध है जो हर किसी की अपनी जेब और जरूरत के हिसाब से मिल जाती है। सभी तरह के होटल हैं पांच सितारा, साधारण, अति साधारण और होस्टल भी। खाने की थोड़ी मुश्किल है विशेषकर शाकाहारियों के लिए। यहाँ लगभग हर जगह पब्लिक प्लेसेस प्रया रेस्टोरेंट्स में वाई फाई मिल जाता है, फिर भी यदि जरूरत हो तो Azercell का सिम कार्ड लिया जा सकता है। यहाँ एक हफ्ते वाला कार्ड है जिसमें 6 जी बी डेटा आपको 30 मनत में मिल जाता है जो एक सप्ताह के लिए पर्याप्त है।  कार्ड किसी एजेंट से लेंगे तो कुछ महंगा होगा और उसी को सेंट्रल मार्केट से या Azercell के शोरूम से लेंगे तो कुछ सस्ता मिल जाएगा।

अंत में इतना कहूँगी कि यदि आपको हरियाली, पहाड़, समुद्र, हवा के झोंके और खुली जगह सब कुछ एक ही जगह चाहिए तो ये देश और इसकी राजधानी बाकू आपके लिए एक अच्छा विकल्प है। यहाँ भीड़ नहीं है क्योंकि जनसंख्या सीमित है, सफाई गज़ब की है, वीसा आसानी से मिल जाता है । हां सड़कों पर वाहन बहुत हैं क्योंकि पेट्रोल सस्ता है। पर सड़कों पर अफरा-तफरी नहीं है। जिधर नजर दौड़ाइए उधर सिर्फ हरियाली और साफ सफाई। कहीं भी कुछ भी बिखरा हुआ नहीं है। बिखरा है तो मात्र प्राकृतिक सौंदर्य और खुशमिजाजी।




 

यात्रा वृतांत अगली पोस्ट से

2 टिप्‍पणियां:

  1. सुंदर तस्वीरें और अज़रबैजान के बारे में सभी आवश्यक जानकारी, उपयोगी लेखन के लिए बधाई रचना जी !

    जवाब देंहटाएं
  2. जी अनीता जी आभार आपका 🙏🙏💐💐💐❤️❤️

    जवाब देंहटाएं

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...