सोमवार, 8 जुलाई 2024

अज़रबैजान यात्रा (भाग 3)

 

अज़रबैजान यात्रा (भाग 3) - बाकू की एक हसीन शाम


फ्लेम टावर्स और मैं 

21 मई की शाम निर्धारित थी शहर को एक चित्रमाला की तरह देखने और विहंगम दृश्य का आनंद लेने की। हम निकल पड़े हाई लैंड पार्क की ओर जो एक पहाड़ी पर स्थित है। ये शहर की खूबसूरती देखने के लिए एक उपयुक्त स्थान है। वहाँ पहुंचते ही सामने दिखता है अज़रबैजान फ्लैग स्क्वायर और यहाँ पर लगा है अज़रबैजान का एक विशाल झंडा जो विश्व के सबसे ऊंचे झंडों में से एक है। इसे  शहर के कई स्थानों से देखा जा सकता है। यहाँ एक ज्योत हमेशा जलती रहती है। अपनी भाषा में कहूँ तो ये यहाँ का शहीद स्मारक और कब्रिस्तान है। फ्लैग स्क्वायर के दूसरी तरफ एक मस्जिद है जिसका नाम शहीदी मस्जिद है। उसके आगे शुरू होता है फूलों से लदा एक खूबसूरत गलियारा।  यहाँ बनी हैं चमचमाती हुई कब्रें। बता दूँ कि ये एक नवजवान देश है  जिसने अभी 30- 32 साल पहले ही तो आजादी पाई है। सड़क किनारे जहां - तहां कहीं भी मिल जाएंगी कब्रें। कोई धर्म कोई जाति कोई भी देश क्यों न हो देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वालों के लिए सर श्रद्धा से झुक ही जाता हैहाथ बरबस ही जुड़ जाते हैं। तस्वीर लेने को दिल नहीं होतालगता है जो देश के लिए मर-मिट कर अब अपनी कब्र में आराम कर रहा है उसकी तस्वीर लेना शायद अन्याय हो, उसकी चिर निद्रा में खलल हो। यहाँ कब्रें थोड़ी ऊंचाई पर हैं। उनके आस पास बहुत तरतीब से फूलों को लगाया गया है। यूँ  लगता है जैसे देशवासी कहना चाहते हों हे वीर तुमने अपना बलिदान देकर हमारे जीवन में जो रंग भरे हैं तो हम भी पूरी श्रद्धा से तुम्हारी कब्रों पर फूलों के पौधे लगा कर तुम्हारी कब्रों को थोड़ी हरियाली फूल और खुशबू देना चाहतें है, स्वीकार करो। उससे आगे चल कर थोड़ी दूर पर आ जाती है रेलिंग, वहाँ से  दिखता है विशाल कैस्पियन सागर और उसी के तट पर स्थित है बाकू आई फेरिस व्हील। इसकी ऊंचाई 200 फीट है इसमें 30 केबिन हैं। सागर के विपरीत दिशा में दिखता है सबसे अद्भुत नजारा। वे हैं फ्लेम टावर या ज्वाला मीनार ये आग की ज्वाला के आकर की तीन गगन चुंगी मीनार जैसी इमारतों का समूह है। जो दक्षिण, पूर्व और पश्चिम में स्थित हैं।  ये आग तत्व के प्रतीक हैं, यहाँ प्राकृतिक रूप से गैस की लपटें जमीन से निकलती हैं। इसीलिए अज़रबैजान का उपनाम "द लैंड ऑफ फायर" भी है सबसे ऊंची मीनार 597 फीट है। तीनों इमारतों में 33 मंजिलों पर 130 आवासीय अपार्टमेंट्स हैं। एक इमारत में पांच सितारा होटल फेयरमांट है जिसमें 250 कमरे हैं। एक इमारत में कार्यालय ब्लॉक है। ये तीनों इमारतें बाहर से पूरी तरह से एल ई डी स्क्रीन से ढकी हुई हैं।  ये तीनों इमारतें बड़ी डिस्प्ले स्क्रीन की तरह काम करती हैं। शाम का धुंधलका होते ही धधकने लगती हैं ज्वालाएंबिखरने लगते हैं शरारे। शुरू हो जाता है आग की विशाल लपटों की छाती पर शरारों का करतब। कभी अज़रबैजानी झंडों के रंगकभी झंडों को लहराती एक आकृतिकभी पानी से भरे विशाल टैंक। हर आकृति का समय लगभग दो मिनट होता है। इस खूबसूरती को यूँही छोड़कर निकल आना बहुत मुश्किल था इसलिए कैद कर लिया अपने कैमरे में। समय हो चुका था बहुत सारी सीढ़ियां उतर कर नीचे आना था नीचे आकर जब देखा तो सारी सीढियों में लाइट जल रही थी ऐसा लग रहा था कि हम सोने की सीढियों से उतर कर नीचे आ रहे हों। देर हो चुकी थी अब समय था रात के खाने का तो रात के खाने के लिए हम पहुंचे फ्लेवर्स फ्यूजन क्यूज़ीन रेस्टोरेंट जो कि हुसैन जावेद एवेन्यू पर था। यहाँ भी भारतीय भोजन उपलब्ध था। हमने अपने उदर को शांत कराया, यहाँ का चावल बहुत स्वदिष्ट था, खुशबूदार हल्का प्राकृतिक मिठास लिए हुए और मुलायम। आज का दिन हो चला था हम भी चल दिए अपने गंतव्य होटल की तरफ। अगले दिन 10.30 निकलना था तो समय पर पहुंच कर आराम करना था फिर सबेरे तैयार हो नाश्ता करना। समय तो लगना ही था। हम समय पर होटल पहुंच गए एक एक प्याली चाय पी और बिस्तर के कोने थाम लिए।

इस पोस्ट में इतना ही, बाकू की गुलाबी सुबह का विवरण अगली पोस्ट में


फ्लैग स्क्वायर 


शहीदी मस्जिद 

लाइट टावर 


फ्लेम टावर्स 


फ्लेम टावर्स के साक्षी 


फ्लेम टावर्स 


चमकती सीढियां 


चमकती सीढियां 


फ्लेवर्स  रेस्तराँ


   फ्लेवर्स  रेस्तराँ

8 टिप्‍पणियां:

  1. बहुत सुंदर और रोचक यात्रा संस्मरण, तस्वीरे भी बहुत प्यारी हैं।
    सादर।
    ---//---
    जी नमस्ते,
    आपकी लिखी रचना मंगलवार ८ जुलाई २०२४ के लिए साझा की गयी है
    पांच लिंकों का आनंद पर...
    आप भी सादर आमंत्रित हैं।
    सादर
    धन्यवाद।

    जवाब देंहटाएं
  2. अज़रबैजान की ख़ूबसूरती का बखान आपने भी बखूबी किया है

    जवाब देंहटाएं
  3. अज़रबैजान देश की यात्रा वृत्तांत अच्छा लगा। इस देश की यात्रा की उत्कंठा बढ़ती जा रही है।

    जवाब देंहटाएं
  4. बेहतरीन यात्रा वृत्तांत

    जवाब देंहटाएं

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...