बाज़ार
आज इतवार की सुबह
जाग उठी हूँ
रेहड़ी वालों के अजीब शोर से
सालों से अदृश्य आत्माहीन शरीर
आज अचानक दृश्यमान हुए हैं
अलग तरह की रेहडियां
अलग सामान
कहीं समाजवाद,कहीं लोकतंत्र
कहीं धर्मनिरपेक्षता, कहीं केवल धर्म
बदले बदले स्वर
कहाँ जाऊं, क्या लाऊं ?
जहाँ सब सस्ता है ?
या जहाँ सब अच्छा है
जहाँ गुणवत्ता है
या जहाँ महत्ता है
या जहाँ मिले पांच साल की गारंटी व वारंटी..
पर यहाँ तो ये ही खुद असमंजस में है
ये ही नहीं जानते
कब हाथ मसल दिया जायेगा
कब कमल कुम्हला जायेगा
कब हाथी हताश हो हांफता बैठ जायेगा
या फिर ....
कब ये सुकोमल हाथ
अपनेपन से, दुलार से
तोड़ेगा कमल
संजोयेगा हाथी की सूंड में इसे प्यार से
और अर्पित करेगा
माँ लक्ष्मी के चरणों में
कौन जाने ......